सोना–चांदी के दामों में रिकॉर्ड तोड़ उछाल, सोना पहली बार 1.60 लाख के पार

मुंबई।सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी का सिलसिला जारी है। बुधवार को बाजार में ऐसी उछाल देखने को मिली कि सोना पहली बार 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गया, जबकि चांदी 3.58 लाख रुपये प्रति किलो से ऊपर निकल गई।
इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 24 कैरेट सोना 5,734 रुपये की बड़ी छलांग लगाकर 1,64,635 रुपये प्रति 10 ग्राम के ऑल-टाइम हाई पर पहुंच गया। इससे पहले इसका भाव 1,58,901 रुपये था।
वहीं 22 कैरेट सोना बढ़कर 1,50,806 रुपये और 18 कैरेट सोना 1,23,476 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।
चांदी की बात करें तो इसके दाम में भी जोरदार तेजी आई है। चांदी 13,703 रुपये महंगी होकर 3,58,267 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई है।
एमसीएक्स पर भी तेजी
हाजिर बाजार के साथ-साथ एमसीएक्स पर भी सोना-चांदी चमके।
- 5 फरवरी 2026 का सोना कॉन्ट्रैक्ट 3.80% बढ़कर 1,63,697 रुपये पर पहुंच गया।
- 5 मार्च 2026 की चांदी 6.13% उछलकर 3,78,109 रुपये प्रति किलो हो गई।
क्यों बढ़ रहे हैं दाम?
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिका में फेड की बैठक, ब्याज दरों में बदलाव की कम संभावना, टैरिफ को लेकर अनिश्चितता और सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग ने सोने-चांदी को मजबूती दी है। एलकेपी सिक्योरिटीज के जतिन त्रिवेदी का कहना है कि इतनी तेज तेजी के बाद बाजार में उतार-चढ़ाव बढ़ सकता है।
तकनीकी तौर पर सोने में 1,66,000 रुपये के आसपास रुकावट और 1,60,000 रुपये के आसपास मजबूत सपोर्ट देखा जा रहा है।





