जिला पंचायत की सामान्य सभा बनी सिर्फ रस्म अदायगी, फैसले शून्य

बिलासपुर।जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक आज निराशा और असंतोष के माहौल में संपन्न हुई। जिला पंचायत सभा कक्ष में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र सूर्यवंशी ने की। बैठक में धान खरीदी, खनिज और कृषि जैसे अहम मुद्दों पर लंबी चर्चा जरूर हुई, लेकिन किसी भी मुद्दे पर कोई ठोस फैसला नहीं लिया जा सका।
बैठक के दौरान विपक्षी कांग्रेस सदस्यों का गुस्सा खुलकर सामने आया। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला पंचायत की सामान्य सभा को अधिकारी गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। कई महत्वपूर्ण विभागों के वरिष्ठ अधिकारी बैठक में अनुपस्थित रहे और उनकी जगह निचले स्तर के अधिकारियों को भेजा गया, जो सदस्यों के सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।
कांग्रेस सदस्यों ने कहा कि जिला पंचायत की सामान्य सभा अब केवल औपचारिकता बनकर रह गई है। जनता से जुड़े गंभीर मुद्दों पर हर बार चर्चा तो होती है, लेकिन न तो अधिकारियों की जवाबदेही तय होती है और न ही कोई निर्णय लिया जाता है। इससे जनप्रतिनिधियों और आम जनता दोनों में नाराजगी बढ़ रही है।
धान खरीदी को लेकर बैठक में विशेष चर्चा हुई। सदस्यों ने किसानों की परेशानियों, भुगतान में देरी और व्यवस्था में खामियों का मुद्दा उठाया। कई सदस्यों ने कहा कि धान खरीदी की स्थिति खराब है और इसका सीधा असर किसानों पर पड़ रहा है, लेकिन यह चर्चा भी केवल समीक्षा तक सीमित रह गई।
बैठक के अंत में यह साफ हो गया कि जिला पंचायत की यह सामान्य सभा उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। न समाधान निकला, न कोई दिशा तय हुई। अब सवाल यह है कि जब जनप्रतिनिधियों की बात नहीं सुनी जाएगी, तो जनता की आवाज आखिर सुनी कहां जाएगी।





