पांच दिन कार्य सप्ताह की मांग पर बैंककर्मियों की हड़ताल, बिलासपुर में ठप रहीं बैंक सेवाएं

बिलासपुर। पांच दिन कार्य सप्ताह की मांग को लेकर देशभर में सरकारी बैंककर्मी हड़ताल पर हैं। इस हड़ताल का असर बिलासपुर में भी साफ तौर पर देखने को मिला, जहां लगातार चौथे दिन बैंक शाखाएं बंद रहीं और आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
गांधी चौक स्थित बैंक शाखाओं के बाहर बैंककर्मियों ने प्रदर्शन कर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। बैंककर्मियों का कहना है कि लंबे समय से वे सप्ताह में पांच दिन काम और दो दिन अवकाश की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक इस पर कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया है।
हड़ताल के कारण कैश लेन-देन, चेक क्लियरेंस, ड्राफ्ट और पासबुक से जुड़े सभी कार्य पूरी तरह ठप रहे। कई उपभोक्ता जरूरी कामों के लिए बैंक पहुंचे, लेकिन शाखाएं बंद देखकर उन्हें निराश लौटना पड़ा।
हालांकि, एटीएम और ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं चालू रहने से लोगों को कुछ हद तक राहत मिली। बैंककर्मियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
बैंक बंद रहने से खासकर व्यापारी, बुजुर्ग और ग्रामीण उपभोक्ता सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। फिलहाल सभी की नजरें सरकार और बैंक प्रबंधन के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।





