रायगढ़ के 14 इलाकों में चार घंटे बिजली आपूर्ति रहेगी बाधित, खुले तारों को बदला जाएगा कवर्ड लाइन में

रायगढ़ में गर्मी के मौसम से पहले बिजली व्यवस्था को सुरक्षित और मजबूत बनाने के लिए खुले तारों को कवर्ड तारों में बदलने का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को 33/11 केवी गर्ल्स कॉलेज सब स्टेशन से निकलने वाली 11 केवी स्टेशन फीडर की बिजली सप्लाई अस्थायी रूप से बंद रहेगी।
सुबह साढ़े 10 बजे से दोपहर ढाई बजे तक करीब चार घंटे तक मरम्मत और सुधार कार्य किया जाएगा। इस दौरान कुल 14 क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। इससे पहले भी इस क्षेत्र में कार्य किया गया था, लेकिन काम अधूरा रह जाने के कारण दोबारा यह प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
बिजली विभाग ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर कार्य की अवधि में बदलाव भी किया जा सकता है, ताकि कवर्ड तार लगाने का कार्य पूरी तरह से पूरा किया जा सके। विभाग का उद्देश्य बारिश और गर्मी के मौसम में दुर्घटनाओं की संभावना को कम करना और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना है।
बिजली कटौती के दौरान एसपी बंगला और कार्यालय, सिविल लाइन, नटवर स्कूल, स्टेशन चौक, आटले चौक, दरोगापारा, गुजराती पारा, पथिक होटल, गुडलक होटल, रेलवे कॉलोनी, गांधी गंज, निगम कॉम्प्लेक्स, नायक बाड़ा सहित आसपास के क्षेत्र प्रभावित रहेंगे।
इससे पहले रविवार को कोतरा रोड स्थित 132/33/11 केवी उपकेंद्र में मेंटेनेंस कार्य किया गया था, जिसके चलते लगभग 42 क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही थी। उस दौरान भी आवश्यक रखरखाव और पेड़ कटाई का कार्य किया गया था।
बिजली विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के दौरान आवश्यक तैयारी कर लें और विभाग के कार्य में सहयोग करें, ताकि भविष्य में बेहतर और सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।





