कानन पेंडारी जू में नील गायों की खूनी भिड़ंत, एक नर नील गाय गंभीर घायल

बिलासपुर।बिलासपुर के कानन पेंडारी जू से एक अहम और चिंताजनक खबर सामने आई है। शनिवार सुबह जू परिसर में दो नर नील गायों के बीच आपसी लड़ाई हो गई, जिसमें एक नील गाय गंभीर रूप से घायल हो गई।
यह घटना उस समय हुई जब जू आम लोगों के लिए बंद था। ड्यूटी पर पहुंचे जूकीपर ने एक नील गाय को खून से लथपथ हालत में देखा। इसके बाद तुरंत जू प्रबंधन और वन्य प्राणी चिकित्सक को सूचना दी गई। डॉक्टरों के निर्देश पर घायल नील गाय को केज से बाहर निकालकर जू अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जांच में पाया गया कि नील गाय के शरीर पर सींग से किए गए कई गहरे घाव हैं, जिनसे काफी खून बह चुका था। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
जू प्रबंधन के अनुसार, फिलहाल कानन पेंडारी जू में 11 नील गायें हैं और सभी को एक ही केज में रखा गया है। अधिक संख्या होने के कारण नर नील गायों के बीच अक्सर टकराव की स्थिति बनती रहती है, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
घटना के बाद जू प्रबंधन ने जूकीपरों को अधिक सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। वहीं जू परिसर में सीसीटीवी कैमरों की कमी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं, जिससे निगरानी व्यवस्था पर सवालिया निशान लग रहा है।
फिलहाल घायल नील गाय का इलाज जारी है और समय पर उपचार मिलने से उसके जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद जताई जा रही है।





