रायगढ़ में मिलावटी दुग्ध उत्पादों का भंडाफोड़, दो लाख रुपये का सामान जब्त

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में दही और अन्य दुग्ध उत्पादों में मिलावट और ब्रांड लेबल बदलने का मामला सामने आया है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए लगभग दो लाख रुपये मूल्य के मिलावटी दुग्ध उत्पाद जब्त किए हैं।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम एक पिकअप वाहन में भारी मात्रा में दही और दूध से बने उत्पाद लाए जा रहे थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर वाहन की जांच की गई, जिसमें डिब्बों और पैकेटों पर ब्रांड का लेबल बदले जाने का खुलासा हुआ।
जांच में पाया गया कि नंदनम क्लासिक दही के मूल लेबल हटाकर उस पर वैद्य फूड्स का रैपर चिपकाया जा रहा था। यह कार्य खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम और लेबलिंग नियमों का उल्लंघन पाया गया।
पुलिस ने वाहन को थाने लाकर खाद्य सुरक्षा विभाग के सुपुर्द किया। विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर दुग्ध उत्पादों की जांच की और कस्तूरी डेयरी से जुड़े मामले की पुष्टि की।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुणवत्ता और मिलावट की आशंका के चलते तीन नमूने एकत्र कर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान कुल 515 किलोग्राम दही और 770 किलोग्राम कॉटेज एनालॉग जब्त किया गया। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग दो लाख रुपये से अधिक बताया गया है।
अधिकारियों ने कहा कि उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे मामलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।





