आरटीओ टैक्स में 50% छूट का असर, राडा ऑटो एक्सपो-2026 में 4 दिन में 7500 वाहन बिके

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के परिवहन विभाग द्वारा आरटीओ टैक्स में दी जा रही 50 प्रतिशत छूट का जबरदस्त असर रायपुर ऑटो एक्सपो-2026 में देखने को मिल रहा है। राजधानी रायपुर के श्रीराम बिजनेस पार्क में आयोजित राडा ऑटो एक्सपो में वाहनों की खरीदी के लिए हर दिन ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
आधा टैक्स और डीलर्स व कंपनियों की ओर से मिल रहे विशेष डिस्काउंट के चलते ग्राहकों को बड़ा फायदा मिल रहा है। इसका नतीजा यह है कि चार दिनों में ही 7500 वाहनों की बिक्री हो चुकी है।
एक्सपो में अलग-अलग कंपनियों के स्टॉल पर ग्राहकों की लगातार भीड़ बनी हुई है। स्थिति यह है कि स्टॉल पर मौजूद एक्जीक्यूटिव को एक मिनट की भी फुर्सत नहीं मिल पा रही है। राडा के अध्यक्ष रविंद्र भसीन, उपाध्यक्ष कैलाश खेमानी, सचिव विवेक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मुकेश सिंघानिया, कैटके नेशनल वाइस चेयरमैन अमर पारवानी सहित फाडा और राडा के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने बताया कि हर दिन ग्राहकों की संख्या और बिक्री का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है।
राडा के उपाध्यक्ष कैलाश खेमानी ने ग्राहकों से अपील की है कि अपने मनपसंद वाहन के फेवरेट कलर और वेरिएंट के लिए जल्द बुकिंग कराएं, ताकि बाद में किसी प्रकार की कमी का सामना न करना पड़े।
राडा ऑटो एक्सपो में एक ही छत के नीचे सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। यहां देश के विभिन्न बैंक और फाइनेंसर कम ब्याज दर पर वाहन ऋण, वहीं इंश्योरेंस कंपनियां कम प्रीमियम पर बीमा की सुविधा दे रही हैं।
ग्राहकों के मनोरंजन के लिए हर दिन रंगारंग कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। शुक्रवार को कलकत्ता से आए डांस ग्रुप और निखिल बैंड की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
शुक्रवार को एक्सपो में मारुति सुजुकी की पहली इलेक्ट्रिक SUV – ई-विटारा भी लॉन्च की गई। यह प्रीमियम इलेक्ट्रिक वाहन एक बार चार्ज करने पर 500 किलोमीटर से अधिक की रेंज देने में सक्षम है। लॉन्च कार्यक्रम में कंपनी और बैंकिंग सेक्टर के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कुल मिलाकर, आरटीओ टैक्स में छूट और आकर्षक ऑफर्स के चलते राडा ऑटो एक्सपो-2026 आम जनता के लिए खरीदारी का सुनहरा मौका बनकर उभरा है।





