ग्रैंड न्यूज़ की खबर का बड़ा असर, 2 घंटे में सहायक ग्रेड-2 बाबू निलंबित

बिलासपुर। ग्रैंड न्यूज़ की खबर से एक बार फिर प्रशासनिक व्यवस्था हिल गई। अनुशासनहीनता और आदेशों की खुली अवहेलना करने वाले सहायक ग्रेड-2 बाबू विकास तिवारी को निलंबित कर दिया गया है। खास बात यह रही कि खबर के प्रसारित होने के महज 120 मिनट के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी ने निलंबन का आदेश जारी कर दिया।
दरअसल, कलेक्टर बिलासपुर द्वारा जारी स्थानांतरण नीति 2025 के तहत विकास तिवारी का प्रशासनिक तबादला जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय बिलासपुर से शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लोहर्सी सोन, विकासखंड मस्तूरी किया गया था। तबादले के बाद उन्होंने अभ्यावेदन प्रस्तुत किया, लेकिन तीन आईएएस अधिकारियों की वरिष्ठ सचिवों की समिति ने परीक्षण के बाद इसे स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया।
इसके बावजूद विकास तिवारी ने न तो नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण किया और न ही विभाग को कोई सूचना दी। आदेश के बावजूद इस तरह की मनमानी और घोर अनुशासनहीनता को ग्रैंड न्यूज़ की टीम ने प्रमुखता से उजागर किया।


खबर सामने आते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया और जिला शिक्षा अधिकारी विजय टांडे ने तत्काल प्रभाव से निलंबन का आदेश जारी कर दिया। इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि आदेशों की अवहेलना और लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





