कबाड़ कारोबार पर पुलिस की सख्ती, गोदामों से गाड़ियों के पार्ट्स और नंबर बरामद

मुंगेली और बिलासपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कबाड़ कारोबार से जुड़े बड़े खुलासे सामने आए हैं। कबाड़ से भरी एक गाड़ी पकड़े जाने के बाद दो थाना क्षेत्रों में करीब दर्जन भर दुकानों को सील किया गया है। कार्रवाई के दौरान दो कबाड़ियों के गोदाम से सात गाड़ियों के पार्ट्स और उनके नंबर बरामद किए गए हैं, जिसके आधार पर पुलिस अब वाहन मालिकों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
पुलिस कार्रवाई के बाद कुछ कबाड़ी गोदाम सील हो गए हैं, लेकिन जो बच गए हैं वे प्लास्टिक और पुट्ठे की आड़ में चोरी का लोहा खरीदने में जुटे हुए हैं। शहर से हर तीसरे-चौथे दिन कबाड़ लोड वाहन बाहर भेजे जा रहे हैं। बिलासपुर और मुंगेली पुलिस ने संयुक्त अभियान के तहत सिरगिट्टी इलाके में इमरान और फिरोज के गोदामों को सील किया था।
मुंगेली क्राइम ब्रांच की टीम ने पहले सिरगिट्टी क्षेत्र में रैकी की और फिर रात के समय एक संदिग्ध वाहन को सरगांव के ढाबे के पास रोका। जांच में वाहन से लोहा और गाड़ियों के पार्ट्स मिलने पर टीम बिलासपुर स्थित एक गोदाम पहुंची, जहां से और भी संदिग्ध सामग्री बरामद की गई। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई।
जांच में जिन वाहनों के नंबर मिले हैं, उनमें एक गाड़ी वर्ष 2010 की बताई जा रही है, जो बलौदा बाजार निवासी के नाम पर पंजीकृत है। दूसरी गाड़ी वर्ष 2008 मॉडल की है, जो रायगढ़ निवासी के नाम पर दर्ज है। पुलिस दोनों वाहन मालिकों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। वहीं चार अन्य गाड़ियों की जानकारी फिलहाल उपलब्ध नहीं हो सकी है, जिन्हें दुर्घटनाग्रस्त बताया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि थानों में दर्ज चोरी के मामलों की फाइलों की जांच कर गोदामों से मिले पार्ट्स का मिलान कराया जा रहा है। चोरी का माल खरीदने और बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।





