रायपुर में नालंदा परिसर फेज-2 की नींव 23 जनवरी को, 21 करोड़ की लागत से बनेगा अत्याधुनिक अध्ययन केंद्र

रायपुर।रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में एक नया और ऐतिहासिक अध्याय जुड़ने जा रहा है। जीई रोड स्थित एनआईटी के सामने 21 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक नालंदा परिसर फेज-2 का भव्य भूमिपूजन 23 जनवरी (शुक्रवार) को दोपहर 3 बजे होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव होंगे, जबकि विधायक एवं पूर्व मंत्री राजेश मूणत की उपस्थिति में इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला रखी जाएगी।
विधायक राजेश मूणत ने बताया कि नालंदा परिसर फेज-2 को केवल लाइब्रेरी नहीं, बल्कि “स्टडी विद फिटनेस” की अवधारणा के साथ विकसित किया जा रहा है। यहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र पढ़ाई के साथ-साथ आधुनिक जिम और स्पोर्ट्स जोन की सुविधाओं का भी लाभ ले सकेंगे, जिससे मानसिक और शारीरिक संतुलन बना रहेगा।
तीन मंजिला (G+3) यह भवन 5,615 वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित होगा। इसमें एक साथ 1,000 से अधिक छात्रों के बैठकर अध्ययन करने की सुविधा होगी, साथ ही 90 सीटों का विशेष लेक्चर हॉल भी बनाया जाएगा। परिसर में 11,500 से अधिक पुस्तकों वाली फिजिकल लाइब्रेरी के साथ हाई-टेक ई-लाइब्रेरी भी होगी।
फ्लोर-वाइज सुविधाओं में ग्राउंड फ्लोर पर कैफेटेरिया, इंडोर गेम्स और प्ले जोन, पहले और दूसरे तल पर शांत अध्ययन क्षेत्र व मुख्य लाइब्रेरी, जबकि तीसरे तल पर ग्रुप स्टडी के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा 3,500 वर्ग मीटर का पार्किंग एरिया और हरियाली के लिए ग्रीन जोन भी विकसित किया जाएगा।
राजेश मूणत ने कहा कि जिस स्थान पर पहले अव्यवस्थित चौपाटी थी, अब वहां ज्ञान का केंद्र बनेगा। यह रायपुर का तीसरा नालंदा परिसर होगा, जो एनआईटी, आयुष विश्वविद्यालय और साइंस कॉलेज क्षेत्र के हजारों छात्रों के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगा।





