बिलासपुर को ‘ट्रैफिक वायलेशन फ्री जोन’ बनाने की मुहिम तेज, दूसरे दिन भी चला यातायात पुलिस का डंडा

बिलासपुर।शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने अब सेक्टर सिस्टम लागू करना शुरू कर दिया है। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत बिलासपुर को ‘ट्रैफिक वायलेशन फ्री जोन’ बनाने के उद्देश्य से चिन्हित क्षेत्रों में सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य प्रमुख सड़कों से अतिक्रमण हटाकर आवागमन को बाधा रहित बनाना है।
जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए अब रणनीतिक रूप से नए सेक्टर विकसित किए जा रहे हैं। पूर्व निर्धारित क्षेत्रों के साथ-साथ सत्यम चौक से मगरपारा चौक जैसे व्यस्त मार्गों को भी सेक्टर में शामिल किया गया है। सार्वजनिक उद्घोषणाओं के जरिए दुकानदारों और व्यापारियों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि वे फुटपाथ या सड़क पर सामान, बैनर, पोस्टर या फ्लेक्सी लगाकर यातायात बाधित न करें।
अभियान के दौरान सड़कों को संकीर्ण करने वाले अवैध विज्ञापन बोर्डों को जब्त कर नस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। पीपीपी मॉडल के तहत जनसहयोग से चलाए जा रहे इस अभियान में नागरिकों और व्यापारियों से सहयोग की अपील की गई है, ताकि शहर की सड़कें व्यवस्थित और सुरक्षित रह सकें।
यातायात पुलिस ने यह भी साफ कर दिया है कि जो दुकानदार अपनी दुकान के सामने ग्राहकों के वाहनों की व्यवस्था के लिए स्टाफ या गार्ड तैनात नहीं करेंगे, उन पर कड़ी नजर रखी जाएगी। बार-बार अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अब केवल समझाइश नहीं, बल्कि मोटर व्हीकल एक्ट और अन्य दंडात्मक धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। सुगम यातायात के लिए चल रही इस मुहिम में अब तकनीक और सख्ती दोनों का असर साफ नजर आने लगा है।





