राजनीति में फंसी 31 करोड़ की सड़क, नेहरू चौक–दर्रीघाट मार्ग बदहाल

बिलासपुर।शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल नेहरू चौक से दर्रीघाट तक बनने वाली सड़क अब भी फाइलों में ही कैद नजर आ रही है। जमीनी हकीकत यह है कि लोग गड्ढों, धूल और टूटी सड़क पर जान जोखिम में डालकर आवागमन करने को मजबूर हैं, जबकि 31 करोड़ रुपये से अधिक की यह परियोजना महीनों पहले मंजूर हो चुकी है।
लोक निर्माण विभाग ने दिसंबर में ही करीब 31 करोड़ 58 लाख रुपये का टेंडर और वर्क ऑर्डर जारी कर दिया था। सड़क निर्माण की जिम्मेदारी संजय केडिया बाराद्वार कंपनी को सौंपी गई है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि अब तक काम शुरू नहीं हो पाया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि ठेकेदार फिलहाल बिल्हा क्षेत्र में सड़क मरम्मत कार्य में व्यस्त है, इसलिए इस मार्ग पर काम शुरू होने में अभी कम से कम एक माह और लग सकता है।
वहीं शहर में चर्चा है कि देरी की असली वजह तकनीकी नहीं बल्कि राजनीतिक खींचतान है। कहा जा रहा है कि सड़क के भूमि पूजन को लेकर नेताओं के बीच श्रेय लेने की होड़ चल रही है, जिससे पूरा प्रोजेक्ट अटक गया है।
योजना के तहत लालखदान फाटक से दर्रीघाट तक फोरलेन सड़क, जबकि नेहरू चौक से गांधी चौक तक मजबूत डामरीकरण और नाली निर्माण किया जाना है। काम 11 महीने में पूरा करने का दावा किया गया था, लेकिन शुरुआत में ही देरी से तय समय पर परियोजना पूरी होने पर सवाल खड़े हो गए हैं।
सड़क की बदहाली से परेशान लोग लगातार आंदोलन, चक्काजाम और ज्ञापन दे रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस नतीजा नहीं निकला है। अब जनता यही पूछ रही है कि आखिर इस सड़क की किस्मत कब बदलेगी।





