खरीफ 2025-26 के लिए फोर्टिफाइड चावल की तैयारी तेज, रायपुर में हुई समीक्षा बैठक

रायपुर। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान फोर्टिफाइड चावल की सुचारु और समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सचिव श्रीमती रीना बाबा साहेब कंगाले की अध्यक्षता में रायपुर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में FRK (फोर्टिफाइड राइस कर्नेल) निर्माताओं और छत्तीसगढ़ राइस मिलर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।
खाद्य सचिव ने FRK निर्माताओं को निर्देश दिए कि वे भारत सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग द्वारा तय मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुसार ही FRK बैच तैयार करें। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) और कस्टम मिलिंग के लिए आवश्यक FRK की व्यवस्था तय समय सीमा में हर हाल में पूरी की जाए।
बैठक में मार्कफेड को निर्देश दिए गए कि FRK निर्माताओं से प्रतिदिन तैयार हो रहे FRK बैच की प्रगति की जानकारी ली जाए। साथ ही FRK निर्माताओं को Force Portal पर तैयार बैच का विवरण नियमित रूप से दर्ज करने को कहा गया।
भारतीय खाद्य निगम (FCI) को निर्देशित किया गया कि FRK बैच की सैंपलिंग के लिए संबंधित CFSO अधिकारियों को समय रहते जानकारी दी जाए। बैठक के दौरान FRK निर्माताओं ने तय समय पर FRK की आपूर्ति सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
वहीं, छत्तीसगढ़ राइस मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष ने कहा कि जैसे ही FRK की उपलब्धता शुरू होगी, कस्टम मिलिंग का चावल शीघ्र जमा कराया जाएगा।
बैठक का समापन मार्कफेड के प्रबंध संचालक द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया। इस अवसर पर प्रबंध संचालक मार्कफेड श्री जितेंद्र शुक्ला, संचालक खाद्य डॉ. फरिहा आलम, FCI के उप महाप्रबंधक श्री बारला, विश्व खाद्य कार्यक्रम के नोडल अधिकारी श्री अरूणांशु और अपर कलेक्टर रायपुर श्री कीर्तिमान सिंह राठौर उपस्थित रहे।





