रायपुर साहित्य उत्सव के लिए तीन दिन निःशुल्क बस सेवा, शहरभर से मिलेगी सीधी सुविधा

रायपुर। रायपुर साहित्य उत्सव में आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रशासन ने एक अहम फैसला लिया है। उत्सव के दौरान शहर में निःशुल्क बस सेवा चलाई जाएगी, ताकि परिवहन की परेशानी के कारण कोई भी नागरिक, विद्यार्थी या साहित्य प्रेमी इस आयोजन से वंचित न रह जाए।

यह निःशुल्क बस सेवा 23, 24 और 25 जनवरी 2026 तक लगातार तीन दिनों तक संचालित होगी। इन दिनों बसों में यात्रा पूरी तरह मुफ्त रहेगी। इससे खासतौर पर विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं को बड़ा लाभ मिलेगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस सेवा के तहत लगभग 15 बसें चलाई जाएंगी। ये बसें उत्सव स्थल तक आने-जाने दोनों दिशाओं में उपलब्ध रहेंगी, ताकि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भी लोगों को घर लौटने में कोई दिक्कत न हो।

शहर के अधिकतम इलाकों को जोड़ने के लिए कुल 6 प्रमुख रूट तय किए गए हैं। सभी बसें पुराने रायपुर क्षेत्र से पुरखौती मुक्तांगन, नवा रायपुर स्थित रायपुर साहित्य उत्सव स्थल तक चलेंगी।

निःशुल्क बस सेवा में शामिल सभी बसों पर रायपुर साहित्य उत्सव की विशेष ब्रांडिंग की जाएगी, जिससे शहर में उत्सव का माहौल बनेगा और लोगों में आयोजन को लेकर जागरूकता भी बढ़ेगी।

बसों की विस्तृत समय-सारणी जल्द जारी की जाएगी और इसे विभिन्न माध्यमों से सार्वजनिक किया जाएगा, ताकि लोग अपनी यात्रा की योजना आसानी से बना सकें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि बस सेवा सुरक्षित, समयबद्ध और व्यवस्थित रूप से संचालित होगी।

गौरतलब है कि रायपुर साहित्य उत्सव छत्तीसगढ़ की समृद्ध साहित्यिक और सांस्कृतिक परंपरा को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। निःशुल्क बस सेवा के जरिए अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि यह उत्सव एक जन-सांस्कृतिक आयोजन के रूप में स्थापित हो सके।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button