राजनांदगांव में धर्मांतरण का बड़ा खुलासा, नाबालिगों को रखकर चल रहा था अवैध आश्रम-चर्च

राजनांदगांव। जिले के धर्मापुर गांव में धर्मांतरण से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां डेविड चाको नाम का व्यक्ति कथित तौर पर अवैध रूप से आश्रम और चर्च चला रहा था। आरोप है कि वह नाबालिग बच्चों को अपने पास रखकर धर्मांतरण की गतिविधियां कर रहा था।

जानकारी के अनुसार, जिले के दूर-दराज के गांवों में जहां बिजली की सुविधा नहीं है, वहां ग्रामीणों को प्रभावित करने के लिए डिजिटल और सोलर आधारित प्रोजेक्टर का इस्तेमाल किया जा रहा था। इन प्रोजेक्टरों के जरिए लोगों को धार्मिक सामग्री दिखाई जाती थी।

मामला लालबाग थाना क्षेत्र के सुकुलदेहन चौकी का है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी डेविड चाको को हिरासत में ले लिया है। उसके पास से कुछ हाईटेक विदेशी उपकरण भी बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत हजारों डॉलर बताई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इस पूरे नेटवर्क की फंडिंग विदेशों से हो रही थी।

बताया जा रहा है कि इस नेटवर्क के तार राज्य के कई जिलों से जुड़े हो सकते हैं। मामले की शुरुआत 8 जनवरी को ग्राम धर्मापुर से मिली एक लिखित शिकायत के बाद हुई थी। शिकायत में अवैध आश्रम-चर्च संचालन, नाबालिग बच्चों को रखने और धर्मांतरण कराने के आरोप लगाए गए थे।

एसपी अंकिता शर्मा के निर्देश और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button