रायपुर साहित्य उत्सव की तैयारियाँ तेज, 23 से 25 जनवरी तक होगा आयोजन

रायपुर। नवा रायपुर अटल नगर में 23 से 25 जनवरी तक होने वाले रायपुर साहित्य उत्सव को लेकर तैयारियाँ अंतिम दौर में हैं। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ संवाद के सभागृह में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें उत्सव की व्यवस्थाओं और कार्यक्रमों के संचालन पर चर्चा की गई।
बैठक में राज्यभर से चयनित लायजनिंग अधिकारी शामिल हुए। उन्हें साहित्य उत्सव के दौरान होने वाले विभिन्न सत्रों को सुचारु रूप से आयोजित करने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। तय किया गया कि हर सत्र के लिए अलग-अलग लायजनिंग अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे, जो मंच, अतिथियों और कार्यक्रम से जुड़ी सभी जिम्मेदारियों का समन्वय करेंगे।
अधिकारियों ने कहा कि रायपुर साहित्य उत्सव समय पर, व्यवस्थित और उच्च स्तर का होना चाहिए, ताकि देशभर से आने वाले साहित्यकारों, कलाकारों और दर्शकों को अच्छा अनुभव मिल सके। प्रशासन और आयोजन समिति द्वारा तैयारियाँ अब लगभग पूरी कर ली गई हैं।
इस बैठक में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, अपर संचालक जनसंपर्क उमेश मिश्रा और संयुक्त संचालक जितेंद्र नागेश मौजूद रहे। सभी ने आयोजन को सफल और प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव साझा किए।





