दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को ‘रेल मदद शील्ड’ अवार्ड, यात्री सेवा में देशभर में पहला स्थान

बिलासपुर।दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) ने यात्री सेवा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 2025 के लिए एसईसीआर को प्रतिष्ठित “रेल मदद शील्ड” सम्मान से नवाजा गया है। यात्री शिकायतों के त्वरित और प्रभावी समाधान में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने भारतीय रेलवे के सभी जोनों में पहला स्थान प्राप्त किया है।
रेल मदद भारतीय रेलवे का एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसके माध्यम से यात्री सफाई, सुरक्षा, चिकित्सा सहायता, खानपान सहित अन्य सेवाओं से जुड़ी शिकायतें दर्ज कर सकते हैं। यात्री मोबाइल ऐप, वेबसाइट, हेल्पलाइन नंबर 139 और सोशल मीडिया के जरिए अपनी समस्याएं दर्ज करते हैं।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा इन शिकायतों पर समय पर कार्रवाई और कड़ी निगरानी की जाती है, इसी वजह से रेलवे को यह सम्मान मिला है। यह पुरस्कार 9 जनवरी 2026 को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 70वें रेलवे सप्ताह केंद्रीय समारोह में माननीय रेल मंत्री द्वारा प्रदान किया गया।
बिलासपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि रेल मदद ऐप और 139 पर मिलने वाली हर शिकायत का रिकॉर्ड समय में गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाता है।
यह सम्मान दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की यात्रियों के प्रति जवाबदेही, पारदर्शिता और बेहतर सेवा का मजबूत प्रमाण माना जा रहा है।





