चने की बोरियों में दबकर भाई-बहन की दर्दनाक मौत

बलौदा बाज़ार: छत्तीसगढ़ के बलौदा बाज़ार जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। जिले के धौराभाठा गांव स्थित एक वेयरहाउस में खेलते समय चने की बोरियों के नीचे दबने से सगे भाई-बहन की दम घुटने से मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे वेयरहाउस परिसर में खेल रहे थे। इसी दौरान चने से भरी भारी बोरियां असंतुलित होकर उनके ऊपर गिर गईं, जिससे वे पूरी तरह दब गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने बोरियां हटाकर बच्चों को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि बच्चों की मां उसी वेयरहाउस में मजदूरी करती थी और बच्चे वहीं पास में खेल रहे थे। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस हादसे ने वेयरहाउस और कार्यस्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर कमी को उजागर कर दिया है।





