सेना दिवस पर रायपुर रचेगा इतिहास, 5 लाख विद्यार्थी एक साथ गाएंगे ‘वंदे मातरम्’

रायपुर। रायपुर लोकसभा क्षेत्र 15 जनवरी को एक ऐतिहासिक पल का गवाह बनेगा। वंदे मातरम् गीत की 150वीं वर्षगांठ और सेना दिवस के अवसर पर रायपुर में 5 लाख विद्यार्थी और युवा एक साथ ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गान करेंगे।
इस भव्य आयोजन की तैयारियों को लेकर रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने वाला होगा।
इस आयोजन में रायपुर लोकसभा क्षेत्र के 3000 से अधिक स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थी भाग लेंगे। 15 जनवरी को दोपहर 12:55 बजे पूरे क्षेत्र में एक साथ वंदे मातरम् का गान किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम रायपुर के सुभाष स्टेडियम में होगा, जहां करीब 20 हजार युवा एक साथ वंदे मातरम् गाएंगे।
मुख्य कार्यक्रम के दौरान हेलीकॉप्टर से फूलों की वर्षा की जाएगी। इसके साथ ही देशभक्ति गीतों पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे, जिससे माहौल पूरी तरह देशभक्ति से सराबोर रहेगा।
कार्यक्रम के संयोजक दानसिंह देवांगन ने बताया कि रायपुर देश का पहला लोकसभा क्षेत्र होगा, जहां एक ही समय पर 5 लाख युवा वंदे मातरम् का सामूहिक गान करेंगे। इसके साथ ही सभी स्कूलों और कॉलेजों में विद्यार्थियों द्वारा वंदे मातरम् का स्वतंत्रता संग्राम में योगदान विषय पर वाचन किया जाएगा। विद्यार्थियों को वंदे मातरम् के हिंदी अर्थ की प्रतियां भी वितरित की जाएंगी।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ कुमार विश्वरंजन, निजी विश्वविद्यालय आयोग के अध्यक्ष वी.के. गोयल, पं. रविशंकर विश्वविद्यालय के कुलसचिव एस.के. पटेल, तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलसचिव दिनेश सिन्हा, आयुष विश्वविद्यालय के कुलसचिव, एविएशन विभाग के अतिरिक्त निदेशक सूरज कुमार साहू, स्वास्थ्य विभाग के डिप्टी डायरेक्टर ए.एस. कन्नौजे, नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त मनोज पांडेय सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, शिक्षा विभाग, खेल विभाग, एनटीपीसी, कृषि विश्वविद्यालय और जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रतिनिधि भी बैठक में शामिल हुए।
यह आयोजन रायपुर ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय बनने जा रहा है।





