रायपुर: चैतन्य बघेल की रिहाई के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भगदड़, महिला पत्रकार घायल

रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की जेल से रिहाई के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा की गई आतिशबाजी और भीड़ के कारण अफरा-तफरी मच गई। इसी भगदड़ में एक महिला पत्रकार घायल हो गईं।
घायल पत्रकार चित्रा पटेल, जो FM न्यूज की ब्यूरो चीफ हैं, रिपोर्टिंग के दौरान गेट के पास खड़ी थीं। इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ ने उन्हें धक्का दे दिया, जिससे वे गेट के पास दब गईं। इस हादसे में उनका माइक, आईडी और मोबाइल गिरकर टूट गया, जबकि एक मोबाइल चोरी होकर गायब हो गया। भीड़ में पैर से रौंदे जाने के कारण उनके सीने में मामूली फ्रैक्चर बताया जा रहा है।
इस घटना में एक अन्य पत्रकार का मोबाइल रिसीवर भी भीड़ में गिरकर खो गया। वहीं कुछ अन्य पत्रकारों को भी हाथों में हल्की चोटें आई हैं।
इस मामले को लेकर बीजेपी नेता उज्ज्वल दीपक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर सवाल उठाया है कि पत्रकारों के साथ ऐसा व्यवहार क्यों किया गया। घटना के बाद पत्रकार सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।





