सेना दिवस पर रायपुर में गूंजेगा वन्देमातरम, 5 लाख विद्यार्थी एक साथ करेंगे सामूहिक गान

रायपुर। 15 जनवरी को सेना दिवस के अवसर पर रायपुर लोकसभा क्षेत्र में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का भव्य आयोजन होने जा रहा है। वन्देमातरम गीत की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में रायपुर और बलौदा बाजार–भाटापारा जिले के सभी शासकीय और निजी शिक्षण संस्थानों में एक साथ सामूहिक वन्देमातरम गान किया जाएगा।
इस आयोजन की तैयारियों को लेकर रायपुर सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने आज अधिकारियों, शिक्षा संस्थानों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में करीब 3000 स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय शामिल होंगे, जिसमें लगभग 5 लाख विद्यार्थी भाग लेंगे।
मुख्य कार्यक्रम राजधानी रायपुर के सुभाष स्टेडियम में आयोजित होगा, जहां लगभग 25 हजार विद्यार्थी एक साथ वन्देमातरम का गायन करेंगे। इस दौरान विद्यार्थियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा भी की जाएगी। कार्यक्रम में एनसीसी, एनएसएस, रेडक्रॉस और स्काउट्स एंड गाइड्स के कैडेट्स की भी सक्रिय भागीदारी रहेगी।
सभी शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थी सुबह 11 बजे एकत्रित होंगे। पहले प्रस्तावना का वाचन किया जाएगा। इसके बाद 11:30 से 12:30 बजे तक देशभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। ठीक 12:55 बजे पूरे क्षेत्र में एक साथ वन्देमातरम गान शुरू होगा।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि वन्देमातरम गीत ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशवासियों में राष्ट्रभक्ति की भावना जगाई थी। सेना दिवस और वन्देमातरम की 150वीं वर्षगांठ जैसे गौरवपूर्ण अवसर पर यह आयोजन युवाओं में अनुशासन, समर्पण और देशप्रेम की भावना को और मजबूत करेगा। उन्होंने इसे आने वाली पीढ़ी को राष्ट्र और सेना के सम्मान से जोड़ने वाला एक ऐतिहासिक प्रयास बताया।





