मेडिकल पर्यटन बढ़ाने MP बृजमोहन अग्रवाल का सुझाव: मेडिकल वीज़ा को फास्ट ट्रैक करें, वेलनेस टूरिज्म को बढ़ावा मिले

रायपुर/चेन्नई। देश में तेजी से बढ़ रहे मेडिकल टूरिज्म को लेकर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बड़ा सुझाव दिया है। उन्होंने कहा कि विदेशी मरीजों को भारत लाने के लिए मेडिकल वीज़ा की प्रक्रिया को फास्ट ट्रैक करना बेहद जरूरी है, ताकि मरीजों को वीज़ा मिलने में देरी न हो और वे किसी अन्य देश का विकल्प न चुनें।
आज चेन्नई में हुई लोकसभा की एस्टीमेट कमेटी की बैठक में पर्यटन, स्वास्थ्य और आयुष मंत्रालय के अधिकारियों के साथ चर्चा करते हुए अग्रवाल ने बताया कि आने वाले वर्षों में भारत का मेडिकल टूरिज्म मार्केट काफी तेजी से बढ़ सकता है। अनुमान है कि वर्ष 2033 तक यह बाजार 70.9 बिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है। ऐसे में नीतिगत सुधार और प्रक्रियाओं में तेजी बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है।
बैठक में अग्रवाल ने वेलनेस टूरिज्म यानी आयुर्वेद, योग और सिद्ध चिकित्सा को बढ़ावा देने की बात भी रखी। उन्होंने बताया कि सिद्ध चिकित्सा तमिलनाडु से उत्पन्न एक प्राचीन और समग्र भारतीय चिकित्सा पद्धति है, जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और प्रचार की जरूरत है। इससे न सिर्फ देश की पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों को पहचान मिलेगी, बल्कि विदेशी मरीज भारत का रुख भी करेंगे।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि अगर मेडिकल वीज़ा प्रक्रिया तेज और आसान होगी, तो भारत विदेशी मरीजों के लिए पहली पसंद बन सकता है। यह कदम देश की अर्थव्यवस्था, टूरिज्म सेक्टर और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में बड़ी भूमिका निभाएगा।





