तमनार कोयला खदान विवाद: पुलिस-ग्रामीणों में हिंसक झड़प, 35 गिरफ्तार-मुख्यमंत्री ने जांच के आदेश दिए

रायगढ़/रायपुर। रायगढ़ जिले के तमनार में शनिवार को जिंदल कंपनी के कोयला खदान के विरोध को लेकर बड़ा विवाद हो गया। यहां आंदोलन कर रहे ग्रामीणों और पुलिस के बीच टकराव इतना बढ़ गया कि मामला हिंसा तक पहुंच गया। इस घटना में महिला टीआई कमला पुसाम सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, तमनार क्षेत्र के 14 गांवों के लोग गारे पेलमा कोल ब्लॉक की जनसुनवाई को फर्जी बताते हुए कंपनी के गेट के पास शांतिपूर्वक धरना दे रहे थे। ग्रामीणों के विरोध से कंपनी में भारी वाहनों की आवाजाही भी रुक गई थी।
शनिवार को पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और धरना खत्म करने की समझाइश दी। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया, जिसके बाद माहौल बिगड़ गया। गुस्साए ग्रामीणों की भीड़ ने पुलिसकर्मियों से मारपीट की और एक बस समेत दो वाहनों में आग लगा दी।
घटना के बाद पुलिस ने 30 से 35 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं और कहा है कि दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।





