कथा वाचकों पर बयान से छिड़ी सियासी जंग: BJP ने कांग्रेस पर साधा निशाना, ‘राम’ और ‘मुगल’ पर गरमाई बहस

रायपुर। छत्तीसगढ़ में हिंदू कथा वाचकों को लेकर सियासत तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के बयान के बाद BJP और कांग्रेस आमने-सामने आ गई हैं।
BJP विधायक पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि “कांग्रेस कब से हिंदुओं की चिंता करने लगी है? कांग्रेस मुगलों की पार्टनर रही है और मुगलों की तरह छत्तीसगढ़ को लूटा है, इसलिए उसके नेता और अधिकारी जेल में हैं।” उन्होंने आगे कहा कि पंचायतों में “जी राम जी” कहने पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस गांधी के रास्ते पर भी नहीं है। “जो राम का नहीं, वो किसी काम का नहीं,” मिश्रा ने कहा।
दरअसल, एक दिन पहले दुर्ग में भूपेश बघेल ने कथा वाचकों पंडित प्रदीप मिश्रा और धीरेंद्र शास्त्री पर निशाना साधते हुए कहा था कि “कथा के नाम पर टोटका बताकर लोगों को गुमराह किया जा रहा है। बीजेपी ‘हिंदू खतरे में हैं’ बताकर चुनाव जीतती है।”
बघेल के इस बयान को टीएस सिंहदेव ने समर्थन दिया। सिंहदेव ने कहा, “कुछ धर्म गुरु लोगों को बेवकूफ बना रहे हैं और भावनाएं भड़का रहे हैं ताकि BJP को फायदा मिले। इतिहास में नहीं मिलता कि मुगलों ने हिंदुओं पर वैसी कार्रवाई की हो जैसा आज बताया जाता है। हमारे राज में भी मुसलमानों के समय हिंदू सुरक्षित थे।”
कथा वाचकों पर दिए गए बयानों से प्रदेश की राजनीति में नया विवाद शुरू हो गया है। बीजेपी और कांग्रेस की यह जुबानी जंग अब ‘राम’, ‘गांधी’ और ‘मुगल’ के इर्द-गिर्द घूम रही है।





