बिलासपुर में 23 से 25 दिसंबर तक राज्य युवा महोत्सव, 3000 युवा दिखाएंगे प्रतिभा

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा 23 दिसंबर से 25 दिसंबर तक बिलासपुर के राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र, बहतराई में राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 23 दिसंबर को करेंगे।

तीन दिवसीय इस महोत्सव में प्रदेशभर से आए करीब 3000 युवा अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिताएं 14 सांस्कृतिक और साहित्यिक विधाओं में आयोजित होंगी। शुभारंभ समारोह में छत्तीसगढ़ में होने वाले पहले ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ की भी आधिकारिक लॉन्चिंग की जाएगी।

उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव करेंगे। कार्यक्रम में केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं 25 दिसंबर को समापन समारोह में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि रहेंगे।

14 विधाओं में होंगी प्रतियोगिताएं

महोत्सव में 8 दलीय और 6 एकल विधाओं में प्रतियोगिताएं होंगी।

दलीय विधाओं में लोकनृत्य, पंथी नृत्य, राउत नाचा, सुआ नृत्य, करमा नृत्य, लोकगीत, रॉक बैंड और एकांकी शामिल हैं।

वहीं एकल विधाओं में वाद-विवाद, कहानी लेखन, चित्रकला, कविता लेखन, नवाचार (साइंस मेला) और पारंपरिक वेशभूषा की प्रतियोगिताएं होंगी।

लोकनृत्य, लोकगीत, वाद-विवाद, चित्रकला और कविता लेखन के विजेता प्रतिभागी राष्ट्रीय युवा महोत्सव-2026 (नई दिल्ली) में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।

आकर्षक पुरस्कार और प्रोत्साहन राशि

दलीय प्रतियोगिताओं में प्रथम पुरस्कार 20 हजार, द्वितीय 15 हजार और तृतीय 10 हजार रुपये दिए जाएंगे।

एकल विधाओं में प्रथम को 5 हजार, द्वितीय को 3 हजार और तृतीय को 2 हजार रुपये मिलेंगे। इसके अलावा हर प्रतिभागी को 1,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे खास

23 दिसंबर को उद्घाटन के दिन शाम 5 से 8 बजे तक आरूग बैंड (अनुज शर्मा) की प्रस्तुति और नारायणपुर के मल्लखंब कलाकारों का प्रदर्शन होगा। उसी दिन रात साढ़े 8 बजे बिलासपुर पुलिस ग्राउंड में प्रसिद्ध कवि डॉ. कुमार विश्वास सहित अन्य कवियों का कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।

24 दिसंबर को काफिला बैंड और स्वप्निल लाइव बैंड, जबकि 25 दिसंबर को आरू साहू और दायरा (बस्तर) बैंड अपनी प्रस्तुति देंगे।

समापन समारोह में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई