सरकारी कर्मचारियों को बड़ा तोहफा, SBI के साथ MOU से मिलेगा करोड़ों का मुफ्त बीमा कवर

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के नियमित शासकीय कर्मचारियों के हित में एक बड़ा और राहत भरा फैसला लिया है। राज्य सरकार और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के बीच स्टेट गवर्नमेंट सैलरी पैकेज को लेकर समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इसके तहत SBI में वेतन खाता रखने वाले कर्मचारियों को करोड़ों रुपये का बीमा कवर पूरी तरह मुफ्त मिलेगा।
इस MOU के अनुसार कर्मचारियों को 1 करोड़ रुपये का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा, 1 करोड़ 60 लाख रुपये का हवाई दुर्घटना बीमा, 1 करोड़ रुपये का स्थायी पूर्ण दिव्यांगता बीमा, 80 लाख रुपये का आंशिक दिव्यांगता बीमा और 10 लाख रुपये का समूह जीवन बीमा दिया जाएगा। खास बात यह है कि इन सभी बीमा सुविधाओं के लिए कर्मचारियों को कोई भी अतिरिक्त प्रीमियम नहीं देना होगा।
इसके अलावा एसबीआई रुपे कार्ड धारकों को 1 करोड़ रुपये के बीमा कवर के साथ अतिरिक्त 10 लाख रुपये का लाभ भी मिलेगा। वहीं स्वास्थ्य बीमा टॉप-अप जैसी सुविधाएं कर्मचारियों को रियायती दरों पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों की सुरक्षा और कल्याण को लेकर लगातार ठोस कदम उठा रही है। SBI के साथ हुआ यह MOU कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए एक मजबूत सुरक्षा कवच साबित होगा।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने भी इस पहल को अहम बताते हुए कहा कि बिना किसी अतिरिक्त खर्च के इतनी व्यापक बीमा सुविधाएं मिलना राज्य सरकार की कर्मचारी-हितैषी नीति को दर्शाता है।
यह MOU 22 दिसंबर 2025 को वित्त सचिव, छत्तीसगढ़ शासन की मौजूदगी में संपन्न हुआ। इस समझौते से राज्य के नियमित कर्मचारियों को बेहतर बैंकिंग सुविधाओं के साथ-साथ दुर्घटना या आपात स्थिति में बड़ी आर्थिक राहत भी सुनिश्चित होगी।





