केरल, एमपी, छत्तीसगढ़ और अंडमान-निकोबार की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होगी, 14 फरवरी को आएगी अंतिम सूची

नई दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग मंगलवार को केरल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह की ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित करने जा रहा है। इसके साथ ही 2026 में होने वाले चुनावों की तैयारियों में एक अहम कदम पूरा हो जाएगा।
चुनाव आयोग ने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) और जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ) के जरिए दी जाएगी। राजनीतिक दल तय समय के भीतर मतदाता सूची पर अपनी आपत्तियां और सुझाव दर्ज करा सकेंगे। आयोग ने निर्देश दिए हैं कि दलों को मतदाता सूची की हार्ड कॉपी भी उपलब्ध कराई जाए।
पारदर्शिता के लिए ड्राफ्ट वोटर लिस्ट सीईओ और डीईओ की आधिकारिक वेबसाइट पर भी अपलोड की जाएगी। इसके साथ ही अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची भी वेबसाइट पर सार्वजनिक की जाएगी।
ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद दावा-आपत्ति की प्रक्रिया शुरू होगी। इस दौरान योग्य मतदाताओं के नाम जोड़े जा सकेंगे और जिनके नाम एक से ज्यादा जगह दर्ज होंगे, उन्हें केवल एक स्थान पर रखा जाएगा। चुनावी पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) नोटिस जारी करेंगे, सुनवाई होगी और फिर दावों व आपत्तियों का निपटारा किया जाएगा।
निर्वाचन आयोग ने साफ किया है कि बिना पूरी प्रक्रिया, नोटिस और ठोस कारण के किसी भी मतदाता का नाम नहीं हटाया जाएगा। सभी दावे और आपत्तियों के निपटारे के बाद अंतिम मतदाता सूची 14 फरवरी को प्रकाशित की जाएगी।





