अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर ग्रामीणों का विरोध, पथराव और लाठीचार्ज से बिगड़े हालात

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के ग्राम सीतागांव में अतिक्रमण हटाने गई राजस्व और वन विभाग की संयुक्त टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों ने वन अमले और सुरक्षा बलों पर पथराव किया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। विरोध में महिलाओं की संख्या अधिक रही, जिससे स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई।
जानकारी के अनुसार पहले से जारी नोटिस के आधार पर संयुक्त टीम वन भूमि पर बने मकानों और झोपड़ियों को हटाने पहुंची थी। वन विभाग द्वारा 13 मकानों को हटाने का नोटिस जारी किया गया था। जैसे ही जेसीबी से कार्रवाई शुरू हुई, ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
स्थिति बिगड़ते देख अतिरिक्त सुरक्षा बल बुलाए गए, लेकिन इसके बाद भी ग्रामीणों का आक्रोश कम नहीं हुआ। महिलाओं ने पत्थर उठाकर सुरक्षा बलों की ओर दौड़ लगाई, जिससे हालात और बिगड़ गए। करीब एक घंटे तक क्षेत्र में तनाव बना रहा और कई जवानों के घायल होने की सूचना है।
बाद में प्रशासन और ग्रामीणों के बीच बातचीत हुई, जिसके बाद स्थिति कुछ हद तक नियंत्रित हो सकी। फिलहाल क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।





