प्रोजेक्ट संकल्प से छात्रावासी बच्चों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा

आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा शुरू किए गए प्रोजेक्ट संकल्प के जरिए आश्रम छात्रावासों में अध्ययनरत बच्चों के भविष्य को संवारने का कार्य किया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से बच्चों को केवल शैक्षणिक रूप से ही नहीं, बल्कि नैतिक, सामाजिक और जीवन कौशल के स्तर पर भी सशक्त बनाया जा रहा है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।

विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश और विभागीय मंत्री के मार्गदर्शन में यह अभिनव पहल शुरू की गई है। उनका कहना है कि जिस प्रकार एक छोटा बीज बड़े वृक्ष की नींव बनता है, उसी तरह एक छोटी सकारात्मक पहल समाज में बड़ा परिवर्तन ला सकती है। प्रारंभ से ही यदि विद्यार्थियों को अच्छे संस्कारों और मूल्यों पर आधारित शिक्षा मिले, तो वे भविष्य में समाज और राष्ट्र के लिए उपयोगी नागरिक बन सकते हैं।

प्रोजेक्ट संकल्प के अंतर्गत छात्रावासों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए रचनात्मक गतिविधियों, अनुशासन, जीवन कौशल और व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्हें सुरक्षित वातावरण, पौष्टिक भोजन, नियमित शैक्षणिक सहयोग के साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस कार्यक्रम में प्रेरक वक्ता नंद जी द्वारा प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, जिसमें सकारात्मक सोच और व्यवहारिक जीवन के गुर सिखाए जा रहे हैं।

प्रशिक्षण सत्रों के दौरान छात्रावास अधीक्षकों को बच्चों में अनुशासन, अच्छी आदतें, समय का महत्व, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और आपसी सौहार्द विकसित करने के सरल व प्रभावी तरीके बताए गए। इसके साथ ही विद्यार्थियों के मानसिक, शैक्षणिक और सामाजिक विकास से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई।

प्रोजेक्ट संकल्प के तहत पहले चरण में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए और बाद में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से छात्रावास अधीक्षकों से संवाद किया गया। विभाग द्वारा समय-समय पर छात्रावासों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की जा रही है, ताकि बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं में कोई कमी न रहे।

इन प्रयासों का सकारात्मक असर अब साफ नजर आने लगा है। छात्रावासों में रहने वाले बच्चों में नया उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिल रहा है। वे न केवल शैक्षणिक उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं, बल्कि जीवन मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों को भी समझने लगे हैं। दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों के बच्चों के लिए यह पहल नई संभावनाओं के द्वार खोल रही है और उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रख रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई