शिवपुरी में वन भूमि पर बने अवैध चर्च को प्रशासन ने गिराया, मतांतरण के आरोपों की जांच शुरू

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की बदरवास तहसील में आदिवासी और भील परिवारों के मतांतरण से जुड़े आरोप सामने आने के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ। हिंदू संगठनों की सूचना पर पुलिस, प्रशासन और वन विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और वन विभाग की जमीन पर बने एक कथित अवैध चर्च को ढहा दिया गया।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि कुछ गांवों में आदिवासी और भील समुदाय के लोगों का मतांतरण कराया जा रहा था। सूचना मिलने पर संबंधित विभागों ने स्थल का निरीक्षण किया, जहां वन भूमि पर निर्माण पाया गया। जांच के दौरान निर्माण को अवैध बताते हुए तत्काल कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि सरकारी पदों से जुड़े कुछ लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की तथ्यों के आधार पर जांच की जाएगी और नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।





