बीजापुर में मुठभेड़ में इनामी माओवादी ढेर, हथियार और विस्फोटक बरामद

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक इनामी माओवादी मारा गया है। मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों ने हथियार, विस्फोटक और माओवादी सामग्री बरामद की है। अभियान के दौरान इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
पुलिस के अनुसार, 19 दिसंबर की सुबह बीजापुर जिले में डीआरजी और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग हुई। खुफिया जानकारी के आधार पर सुरक्षाबलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इसी दौरान माओवादियों की मौजूदगी सामने आई, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हुई।
सर्च ऑपरेशन के दौरान एक माओवादी का शव बरामद किया गया है। मृत माओवादी की पहचान फगनू माड़वी के रूप में हुई है, जो भैरमगढ़ एरिया कमेटी का सक्रिय सदस्य था और उस पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह बीजापुर थाना क्षेत्र के गोरना गांव का निवासी बताया गया है।
मुठभेड़ स्थल से 303 राइफल, 9 एमएम पिस्टल, मैगजीन और राउंड के अलावा विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। इसके साथ ही स्कैनर सेट, रेडियो, मेडिकल किट, वायर, माओवादी पिट्ठू, पिस्टल पाउच और माओवादी पर्चे भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके में अभी भी सर्च ऑपरेशन चल रहा है, ताकि अन्य माओवादियों की मौजूदगी की पुष्टि की जा सके। सुरक्षा के लिहाज से पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
इस संबंध में बस्तर रेंज के आईजीपी ने कहा कि सुरक्षाबलों की लगातार और समन्वित कार्रवाई से माओवादी संगठन कमजोर पड़ा है। उन्होंने दावा किया कि माओवादी ढांचा बिखर चुका है और हिंसा फैलाने के प्रयास अब प्रभावी नहीं रह गए हैं। साथ ही सक्रिय माओवादियों से हिंसा छोड़कर आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति का लाभ उठाने की अपील की गई है।





