उपेक्षा से आहत अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टर DSP रुस्तम सारंग ने खेल जगत से संन्यास का किया ऐलान

रायपुर। छत्तीसगढ़ खेल जगत से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है। अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टर और डीएसपी रुस्तम सारंग ने खेल जगत से संन्यास लेने की घोषणा की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए खेल प्रशिक्षण और सभी खेल गतिविधियों से अलग होने का निर्णय बताया।
अपने पोस्ट में रुस्तम सारंग ने लिखा कि वे पिछले कुछ समय से यह महसूस कर रहे हैं कि उनके 24 वर्षों के खेल अनुभव की अब न तो राज्य को और न ही समाज को जरूरत है। इसी उपेक्षा से आहत होकर उन्होंने खेल प्रशिक्षण, खिलाड़ियों और खेल गतिविधियों से पूरी तरह दूरी बनाने का फैसला लिया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में वे किसी भी प्रकार के खेल प्रशिक्षण या खेल से जुड़ी गतिविधियों में शामिल नहीं रहेंगे। अपने संदेश के अंत में उन्होंने “जय जोहार” लिखकर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।
गौरतलब है कि डीएसपी रुस्तम सारंग छत्तीसगढ़ के जाने-माने खिलाड़ी रहे हैं और उन्हें राज्य के सर्वोच्च खेल सम्मानों से नवाजा जा चुका है। उन्हें वर्ष 2006-07 में शहीद कौशल यादव खेल पुरस्कार, 2007-08 में शहीद राजीव पाण्डेय खेल पुरस्कार और 2009-10 में गुंडाधुर सम्मान प्रदान किया गया था।
उनके इस फैसले से खेल जगत में निराशा का माहौल है और कई लोग उनके अनुभव का लाभ न लिए जाने पर सवाल उठा रहे हैं।





