जंगल में बाघ का शव मिला, करंट से मौत की आशंका और नाखून-दांत गायब

अंबिकापुर। सूरजपुर जिले के भैसामुंडा से लगे जंगल में बाघ का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। प्रारंभिक जांच के अनुसार बाघ की मौत का कारण स्पष्ट नहीं है, लेकिन संभावना जताई जा रही है कि जंगली सूअर के शिकार के लिए बिछाए गए बिजली तरंगित तार (करंट) के संपर्क में आने से उसकी मौत हुई हो। इसके पहले इसी क्षेत्र में करंट के कारण हाथियों की मौत हो चुकी है। मृत बाघ का शव तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि शव से बाघ के नाखून और दांत गायब हैं, हालांकि वन विभाग ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मौके पर फॉरेंसिक टीम, पशु चिकित्सक और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे हैं। शव का परीक्षण और गहन जांच जारी है। यह इलाका दूरस्थ और घने जंगलों वाला होने के कारण जांच में तकनीकी और संपर्क संबंधी कठिनाइयां भी सामने आ रही हैं।

यह बाघ वही हो सकता है, जिसे दो-तीन साल पहले वाड्रफनगर और प्रतापपुर क्षेत्र में देखा गया था। उस समय पंजों के निशान और ट्रैप कैमरे में उसकी तस्वीर भी मिली थी। सूरजपुर और कोरिया जिले की सीमावर्ती टेमरी क्षेत्र में बाघ की गतिविधियां पिछले कुछ वर्षों से लगातार देखी जा रही हैं।

यह क्षेत्र हाथियों के विचरण वाला भी है। वन विभाग के लिए यह पहली बार है कि करंट से किसी बाघ की मौत हुई है। दो साल पहले कुदरगढ़ रेंज में बाघ ने दो ग्रामीणों पर हमला किया था, जिसमें दोनों की मौत हो गई थी।

वन विभाग की कार्यप्रणाली और बाघ संरक्षण पर सवाल उठ रहे हैं। अवैध करंट तारों का उपयोग, मानव-वन्यजीव संघर्ष और निगरानी व्यवस्था की कमजोरियों पर अभी तक अधिकारी खुलकर नहीं बोले हैं। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही बाघ की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई