बाराद्वार स्टेशन चौथी रेल लाइन से जुड़ा, रेल संचालन होगा और बेहतर

बाराद्वार। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने रेल अधोसंरचना विकास की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बाराद्वार रेलवे स्टेशन को चौथी रेल लाइन से जोड़ने का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। यह काम सीमित समय के नियोजित ट्रैफिक ब्लॉक में तय समय से पहले ही पूरा कर लिया गया।
इस परियोजना के तहत बाराद्वार स्टेशन को आधुनिक तकनीक से लैस किया गया है। यहां नई इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली, आधुनिक सिग्नल, ट्रैक सर्किट और सुरक्षा उपकरण लगाए गए हैं, जिससे अब ट्रेन संचालन पहले से ज्यादा सुरक्षित और भरोसेमंद हो गया है।
इस महत्वपूर्ण कार्य को पूरा करने के लिए ठंड के मौसम में भी 400 से अधिक रेलवे कर्मचारी, इंजीनियर और अधिकारी दिन-रात मेहनत करते रहे। चौथी रेल लाइन जुड़ने से ट्रेनों की आवाजाही अब और सुगम होगी, समय पर ट्रेन चलने में सुधार होगा और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा और बेहतर रेल सेवा देने के लिए ऐसे विकास कार्य आगे भी लगातार जारी रहेंगे।





