बाईचुंग भूटिया से मिले युवा फुटबॉल खिलाड़ी, खिलाड़ियों को दिया आगे बढ़ने का मंत्र

रायपुर। राजधानी रायपुर में भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बाईचुंग भूटिया से युवा फुटबॉल खिलाड़ियों ने मुलाकात की। यह मुलाकात नवा रायपुर अटल नगर स्थित निवास कार्यालय में हुई, जहां उन्होंने युवाओं से आत्मीय और प्रेरणादायी बातचीत की।
डिप्टी सीएम अरुण साव ने इस मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की। उन्होंने बताया कि बाईचुंग भूटिया ने युवा खिलाड़ियों को खेल के जरिए आगे बढ़ने, अनुशासन बनाए रखने और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान बाईचुंग भूटिया ने अपने खेल जीवन के अनुभव साझा किए और कहा कि मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास से खिलाड़ी किसी भी मुकाम को हासिल कर सकते हैं। युवाओं ने भी उनसे सवाल पूछे और मार्गदर्शन प्राप्त किया।
मुलाकात के बाद खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिला और उन्होंने कहा कि बाईचुंग भूटिया जैसे दिग्गज खिलाड़ी से मिलकर उन्हें आगे बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिली है।





