रायपुर साहित्य उत्सव 2026 के लिए सलाहकार समिति गठित, 23–25 जनवरी को नवा रायपुर में होगा आयोजन

रायपुर। राज्य सरकार ने अगले वर्ष 23 जनवरी से नवा रायपुर में होने वाले रायपुर साहित्य उत्सव 2026 की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में शासन ने 9 सदस्यों की सलाहकार समिति का गठन किया है, जो इस आयोजन को सफल बनाने के लिए दिशा-निर्देश और सुझाव देगी।
समिति में अनंत विजय, डॉ. सुशील त्रिवेदी, सतीश कुमार पंडा, जयमति कश्यप, संजीव कुमार सिन्हा, शंशाक शर्मा, पंकज कुमार झा और विवेक आचार्य को सदस्य बनाया गया है। जनसंपर्क संचालनालय के आयुक्त डॉ. रवि मित्तल को सदस्य सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
यह समिति साहित्यकारों के चयन से लेकर कार्यक्रम के विषयों तक, हर महत्वपूर्ण पहलू में आयोजकों की मदद करेगी।
उल्लेखनीय है कि रायपुर साहित्य उत्सव का आयोजन 23 से 25 जनवरी 2026 तक नवा रायपुर के जनजातीय संग्रहालय के पास किया जाएगा। यह फैसला राज्य स्थापना के रजत वर्ष पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की परिकल्पना के तहत लिया गया है। इस पूरे आयोजन की विस्तृत कार्ययोजना सिर्फ दो महीनों में तैयार कर ली गई है।
तीन दिवसीय इस महोत्सव में देशभर के 100 से अधिक प्रतिष्ठित साहित्यकार भाग लेंगे। उत्सव में कुल 11 सत्र होंगे—5 समानांतर सत्र, 4 सामूहिक सत्र और 3 संवाद सत्र। इन सत्रों में साहित्यकारों और प्रतिभागियों के बीच सीधी बातचीत, चर्चाएँ और विचार-विमर्श होगा।





