तीन साल की कार्ययोजना बनाने के निर्देश, योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

रायपुर में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय के सभागार में राज्य की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने विभाग के लिए अगले तीन वर्षों की स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करें, ताकि प्रदेश में विकास कार्य तेज़ी और कुशलता से पूरे किए जा सकें।

मुख्य सचिव ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनता के हित में लगातार और प्रभावी ढंग से काम करना है। बैठक में वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल नई योजनाओं, प्रस्तावों और निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। विभागवार लक्ष्य और उपलब्धियों की जानकारी भी प्रस्तुत की गई।

इस दौरान केंद्र सरकार की योजनाओं की स्थिति, एसएनए-स्पर्श प्रणाली में ऑनबोर्डिंग और भुगतान की स्थिति, नई योजनाओं के प्रस्ताव, 2024-25 और 2025-26 के निर्माण कार्यों की स्वीकृति और पूंजीगत खर्च की जानकारी पर भी चर्चा हुई। बजट के मुकाबले अब तक हुए खर्च और ई-ऑफिस सिस्टम की वर्तमान स्थिति की भी समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव ने आधार-सक्षम बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली को सभी विभागों में सही ढंग से लागू करने और ई-ऑफिस को जिला स्तर तक पूरी तरह चालू किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने सभी विभागों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि अधिकारी और कर्मचारी संबंधित पोर्टल पर पूरी तरह ऑनबोर्ड हों।

बैठक में सभी विभागों के प्रमुख सचिव, सचिव और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button