रायपुर में करणी सेना की महापंचायत, पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन

रायपुर। राजधानी रायपुर में सूदखोर तोमर बंधुओं से जुड़े मामले को लेकर आज राजपूत करणी सेना ने महापंचायत का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए करणी सेना के सैकड़ों कार्यकर्ता अलग-अलग जिलों से रायपुर पहुंचे।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने कुछ पदाधिकारियों को थाने में बैठा लिया है, जिससे कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ गई। करणी सेना के सदस्य आठ प्रमुख मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों की मांग है कि थाना प्रभारी योगेश कश्यप को तुरंत निलंबित किया जाए और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हो। साथ ही, संबंधित सीएसपी राजेश देवांगन पर भी कार्रवाई की मांग की गई है।
आरोप है कि हिरासत के दौरान रोहित तोमर की पत्नी भावना तोमर के साथ गलत व्यवहार किया गया। इसके अलावा, रायपुर एसपी लाल उम्मेद सिंह की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि वीरेंद्र सिंह तोमर के साथ मारपीट की गई और उनके साथ अमानवीय व्यवहार हुआ। इसे राजपूत समाज का अपमान बताया जा रहा है।
करी सेना ने मांग की है कि मानवाधिकारों और संविधान की रक्षा की जाए, तोमर परिवार को हुए मानसिक और आर्थिक नुकसान की भरपाई की जाए, और पूरे मामले की जांच के लिए एक स्वतंत्र व निष्पक्ष जांच टीम बनाई जाए।
फिलहाल शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।





