विष्णुदेव साय सरकार के दो साल पूरे: योजनाओं पर उठे सवाल, सत्ता–विपक्ष में तीखी नोकझोंक

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार ने अपने दो साल पूरे कर लिए हैं। सरकार का दावा है कि इन दो वर्षों में कई जनहितकारी योजनाएँ शुरू की गईं, जिनका लाभ सीधे आम लोगों तक पहुँचा है। लेकिन दूसरी ओर कांग्रेस लगातार आरोप लगा रही है कि बीजेपी सरकार ने पिछली सरकार की कई लोक–कल्याणकारी योजनाएँ बंद कर दी हैं।

इसी कड़ी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आज आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने 17 महत्वपूर्ण योजनाओं को बंद कर दिया है। इन आरोपों पर मंत्री रामविचार नेताम ने कड़ा पलटवार किया है।

मंत्री नेताम ने कहा कि “कांग्रेस पार्टी सिर्फ छाती पीटने का काम कर रही है। उनकी शिकायतों से जनता का जनादेश नहीं बदल जाएगा। कांग्रेस की कई योजनाएँ सिर्फ कागज़ों में चलती थीं और बिचौलियों को फायदा पहुँचाने के लिए बनाई गई थीं।” उन्होंने आगे कहा कि राजीव मितान योजना सिर्फ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए थी। “क्या हम कांग्रेसियों को पालें-पोसें?” उन्होंने तंज कसा।

गौठान और गोधन न्याय योजना पर प्रतिक्रिया देते हुए नेताम ने कहा कि “गौठान योजना में जितना गोबर नहीं खरीदा गया, उससे ज्यादा खर्चा पैरा ढुलाई में दिखा दिया गया। जनता सब जानती है, सब रिकॉर्ड पर है।”

गौरतलब है कि भूपेश बघेल सरकार ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मज़बूत करने के लिए गोधन न्याय योजना शुरू की थी, जिसके तहत 2 रुपए प्रति किलो में गोबर खरीदा जाता था। शुरू में यह योजना काफी चर्चा में रही, लेकिन बाद में भ्रष्टाचार के आरोपों से घिर गई। वहीं, राजीव युवा मितान योजना में भी पिछले कार्यकाल के दौरान ही वित्तीय अनियमितताओं के मामले सामने आए थे।

सरकार और विपक्ष के बीच योजनाओं को लेकर यह जुबानी जंग अभी और तेज होने की उम्मीद है, क्योंकि दोनों ही पक्ष अपने-अपने दावों को सही ठहराने में जुटे हैं और जनता के सामने अपनी बात रखने की कोशिश कर रहे हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button