मेरठ नीला ड्रम कांड: बेटी को प्रेमी साहिल को दिखाना चाहती है मुस्कान, कोर्ट में पूरी हो सकती है इच्छा

मेरठ के चर्चित नीला ड्रम कांड में पति की हत्या के आरोप में जेल में बंद मुस्कान ने हाल ही में एक बेटी को जन्म दिया है। मुस्कान ने बच्ची का नाम राधा रखा है और वह चाहती है कि बच्ची का चेहरा उसके प्रेमी साहिल को दिखाया जाए। इसके लिए उसने जेल प्रशासन से अनुमति मांगी, लेकिन नियमों के चलते उसकी मांग ठुकरा दी गई। अब माना जा रहा है कि गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान होने वाली सुनवाई में साहिल बच्ची को देख सकेगा।
मुस्कान और उसकी नवजात बेटी राधा की जेल में डॉक्टरों की टीम ने जांच की है, जिसमें दोनों को पूरी तरह स्वस्थ बताया गया है। मुस्कान रोज़ाना दो से तीन घंटे बेटी को धूप में लेकर बैठती है और अन्य महिला बंदी भी बच्ची की देखभाल में मदद करती हैं।
यह मामला तीन मार्च 2025 की रात से जुड़ा है, जब मुस्कान ने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर अपने पति सौरभ राजपूत को नशीली दवा देकर बेहोश किया और फिर चाकू मारकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद दोनों ने शव को टुकड़ों में कर नीले ड्रम में डालकर सीमेंट से भर दिया। पुलिस ने 18 मार्च को केस का खुलासा किया था और 19 मार्च से दोनों आरोपी जेल में बंद हैं। मामले की सुनवाई जिला जज कोर्ट में जारी है और अब तक 14 गवाहों की गवाही हो चुकी है।
मुस्कान जेल में ही गर्भवती थी और 24 नवंबर को उसने मेडिकल कॉलेज में बेटी को जन्म दिया। उसके बाद से मां और बेटी दोनों जिला कारागार में ही रह रही हैं। मुस्कान की ओर से अभी तक पैरोल के लिए कोई आवेदन नहीं दिया गया है, जबकि कानूनी रूप से वह छह माह की पैरोल पाने की पात्र हो सकती है।
जेल अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जेल नियमावली के तहत बंदियों को आपस में इस तरह मिलने या बच्चों को दिखाने जैसे प्रावधान नहीं हैं। इसी कारण मुस्कान की मांग खारिज की गई। हालांकि कोर्ट की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुनवाई के दौरान बच्ची को देखने की संभावना बनी हुई है।





