रायपुर दक्षिण में तेज़ हुआ SIR अभियान, सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बूथों पर पहुंचकर सुना लोगों का हाल

रायपुर। आगामी चुनावों को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए रायपुर दक्षिण विधानसभा में SIR मतदाता पुनर्निरीक्षण अभियान तेज़ी से चल रहा है। इसी के तहत रविवार को सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ब्राह्मणपारा वार्ड के एक बूथ पर पहुंचे और लोगों से सीधे बातचीत की।
उन्होंने मतदाताओं से फार्म भरने की प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेज़ और आने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी ली। कई लोगों ने बताया कि 2003 की मतदाता सूची में उनके नाम नहीं मिल रहे हैं, जिससे मौजूदा सूची में नाम सुधार करवाने में परेशानी हो रही है। इस पर सांसद अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम सूची से नहीं छूटना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मतदान हर नागरिक का अधिकार है और पार्टी व प्रशासन की जिम्मेदारी है कि सभी को यह अधिकार बिना किसी मुश्किल के मिले। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि हर घर जाकर लोगों के फार्म भरवाएं और तुरंत जमा कराएं ताकि किसी को भी कोई दिक्कत न हो।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष ललित जैसिंघ ने बताया कि मतदाता फार्म ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से भरा जा सकता है। जिन लोगों का पता बदला है, केवल उन्हीं के नाम अभी सूची में जुड़ने बाकी हैं। ऐसे परिवारों से लगातार संपर्क किया जा रहा है।
इस मौके पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने बूथों पर जाकर सीरियल नंबर, पते, आधार मिलान और नए मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया का निरीक्षण किया।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने लोगों से अपील की कि जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं है, वे जल्द से जल्द फार्म भरें। उन्होंने कहा कि यह पुनर्निरीक्षण अभियान लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए बेहद जरूरी है और कोशिश है कि रायपुर दक्षिण में कोई भी मतदाता बिना नाम के न रहे।





