छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा की तैयारियां युद्ध स्तर पर, विद्यार्थियों की सुविधा पर फोकस

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 2026 में होने वाली 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों को तेज कर दिया है। मंडल ने प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को परीक्षा केंद्र निर्धारण और संसाधन प्रबंधन को लेकर नई गाइडलाइन जारी की है।
गाइडलाइन में निर्देश दिया गया है कि परीक्षा केंद्र विद्यार्थियों के घर और स्कूल से अधिकतम पांच किलोमीटर के दायरे में ही बनाए जाएं, जिससे खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को सुबह की परीक्षा में पहुंचने में परेशानी न हो। साथ ही, मंडल ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि स्कूल भवन दो या तीन मंजिला है, तो 10वीं और 12वीं के परीक्षा कक्ष सिर्फ ग्राउंड फ्लोर पर ही संचालित होंगे।
मंडल ने जिला शिक्षा अधिकारियों से परीक्षार्थियों की संख्या, ग्रामीण स्कूलों की दूरी और उपलब्ध संसाधनों की विस्तृत रिपोर्ट जल्द से जल्द साझा करने को कहा है। परीक्षा केंद्रों पर सुविधाओं को लेकर भी विशेष जोर दिया गया है, जिसमें लड़के और लड़कियों के लिए अलग-अलग शौचालय की अनिवार्यता शामिल है। इसके अलावा, बिजली, पेयजल, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, फर्नीचर की स्थिति, स्टाफ संख्या और परीक्षा हॉल की बैठक क्षमता की जानकारी भी मांगी गई है।
मंडल का कहना है कि समय पर सही और सटीक रिपोर्ट मिलने से केंद्र निर्धारण प्रक्रिया आसान होगी और छात्रों को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाया जा सकेगा। विद्यार्थियों की सुविधा और परीक्षा के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करना मंडल की प्राथमिकता में शामिल है।





