धनुष की वापसी ने बदला बॉक्स ऑफिस का समीकरण, तेरे इश्क में की दमदार शुरुआत

साउथ सुपरस्टार धनुष ने 12 साल बाद एक बार फिर आनंद एल राय की प्रेम कहानी के जरिए सिनेमाघरों में जोरदार वापसी की है. फिल्म ‘तेरे इश्क में’ को ओपनिंग डे पर दर्शकों से जबरदस्त समर्थन मिला और कमाई के आंकड़ों ने सभी को चौंका दिया.
आनंद एल राय अपनी सुपरहिट फिल्म ‘रांझणा’ के सीक्वल के रूप में इस नई प्रेम कहानी को लेकर आए हैं. ट्रेलर रिलीज के वक्त फिल्म को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी, लेकिन थिएटर रिलीज के बाद फिल्म के लिए दर्शकों की दीवानगी साफ दिखाई देने लगी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले दिन फिल्म ने 16.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जो ओपनिंग डे के लिहाज से काफी मजबूत माना जा रहा है.
फिल्म का अनुमानित बजट 80 से 100 करोड़ रुपये के बीच बताया जा रहा है. अगर यह फिल्म वीकेंड तक अपनी कमाई की रफ्तार बनाए रखती है, तो शुरुआती तीन दिनों का कलेक्शन 50 करोड़ के आसपास पहुंचने की संभावना है. ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि पहले हफ्ते की मजबूत कमाई के चलते फिल्म अगले वीकेंड तक अपना बजट भी निकाल सकती है.
धनुष की इस दमदार शुरुआत ने बॉलीवुड की दो बड़ी फिल्मों की ओपनिंग कमाई को भी पीछे छोड़ दिया. आमिर खान की ‘सितारे जमीन पर’ ने पहले दिन 10.7 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि अक्षय कुमार की ‘जॉली एलएलबी’ का ओपनिंग डे कलेक्शन 12.50 करोड़ रुपये रहा था. इस तुलना से साफ है कि धनुष की फिल्म ने आते ही बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली है.
दर्शकों का उत्साह और पहले दिन का शानदार कलेक्शन यह संकेत दे रहा है कि यह फिल्म आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस पर बड़ा असर छोड़ सकती है.





