सीनियर अधिवक्ता प्रशांत प्रभात तिवारी दोबारा स्टेट बार काउंसिल के सदस्य चुने गए

राजनांदगांव। सीनियर अधिवक्ता प्रशांत प्रभात तिवारी ने स्टेट बार काउंसिल के प्रतिष्ठित चुनाव में जीत दर्ज की है। 20 नवंबर को तय मतों का कोटा पूरा होते ही उन्हें आधिकारिक रूप से निर्वाचित घोषित किया गया। यह उनकी लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले वे स्टेट बार काउंसिल की कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
राज्य विधिज्ञ परिषद के 25 सदस्यों के लिए 30 सितंबर को मतदान हुआ था। इस चुनाव में पूरे प्रदेश से 105 अधिवक्ताओं ने नामांकन दाखिल किया था। मतगणना प्रक्रिया 13 अक्टूबर से शुरू हुई, जो अभी भी चल रही है।
चुनाव नियमों के अनुसार, जो उम्मीदवार निर्धारित मत कोटा पूरा कर लेता है, उसे निर्वाचित घोषित कर दिया जाता है। इस बार पूरे छत्तीसगढ़ से 13,000 से अधिक अधिवक्ताओं ने मतदान में हिस्सा लिया।
राजनांदगांव से प्रशांत प्रभात तिवारी के साथ तीन अन्य अधिवक्ताओं ने भी नामांकन भरा था। प्रथम वरीयता के मतों की गिनती के बाद जब द्वितीय वरीयता के मत गिने जाने लगे, तो कम मत पाने वाले उम्मीदवार धीरे-धीरे बाहर होते चले गए।
प्रशांत प्रभात तिवारी की यह जीत जिले के वकील समुदाय के लिए सम्मान और उत्साह का विषय बनी हुई है।





