धमतरी में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का भव्य स्वागत, सब्जी व्यापारियों के लिए बड़ी घोषणा – मॉडल रेट करेगी सरकार तय

रायपुर। धमतरी में बुधवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का जोरदार स्वागत किया गया। विशाल जनसभा के बीच मंत्री चौहान ने छत्तीसगढ़ के सब्जी उत्पादक किसानों और व्यापारियों के लिए बड़ी घोषणा की।
उन्होंने कहा कि राज्य में सब्जियों का उत्पादन लगातार बढ़ रहा है, इसलिए सरकार सब्जियों को बेचने की एक मजबूत योजना बना रही है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले, इसके लिए सब्जियों का मॉडल रेट तय किया जाएगा। इसके साथ ही फूलों, उद्यानिकी और वानिकी के क्षेत्र को भी मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बड़ी परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया। इसमें 100 से अधिक आबादी वाले 780 बसाहटों को जोड़ने वाली नई सड़कों का निर्माण शामिल है।
पीएम ग्रामीण सड़क योजना 4-के अंतर्गत 2242 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से लगभग 2442 किलोमीटर लंबी 774 सड़कें बनाई जाएंगी। यह ग्रामीण इलाकों में कनेक्टिविटी को काफी मजबूत करेगा।
इसके अलावा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के तहत 17,357 स्व-सहायता समूहों को 286 करोड़ रुपये की चक्रीय निधि, सामुदायिक निवेश निधि और बैंक क्रेडिट लिंकेज निधि का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी मंत्रोच्चार और संस्कृत श्लोक के साथ शिवराज सिंह चौहान का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की मिट्टी अपनी सादगी और अतिथि देवो भवः की परंपरा के लिए जानी जाती है, और शिवराज सिंह चौहान जैसे किसान हितैषी नेता का स्वागत करना सम्मान की बात है।
धमतरी का यह आयोजन विकास योजनाओं और किसानों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।





