सहकारी समिति कर्मचारियों की हड़ताल के बीच धान खरीदी की तैयारी तेज, नए केंद्र प्रभारी और ऑपरेटरों को दिया गया प्रशिक्षण

बलौदाबाजार। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सुचारू रूप से चल सके, इसके लिए जिला ऑडिटोरियम में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सहकारी समिति कर्मचारियों की हड़ताल के चलते इस बार सहकारी समितियों और उपार्जन केंद्रों में नए केंद्र प्रभारी और कंप्यूटर ऑपरेटरों की नियुक्ति की गई है।
प्रशिक्षण में ऑनलाइन धान खरीदी सॉफ्टवेयर का उपयोग, टोकन व्यवस्था, बरदाने की उपलब्धता, प्रतिदिन खरीदी की सीमा और संपूर्ण प्रक्रिया की बारीकियों को विस्तार से समझाया गया।
कलेक्टर दीपक सोनी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि धान खरीदी अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि धान खरीदी को राज्य शासन ने अति आवश्यक सेवा घोषित किया है, इसलिए काम से इंकार करने वाले कर्मचारियों पर अति आवश्यक सेवा अनुरक्षण कानून (ESMA) के तहत कार्रवाई होगी।
कलेक्टर ने बताया कि हर 10 उपार्जन केंद्रों के लिए एक मेंटर अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो केंद्र प्रभारी और ऑपरेटरों को मार्गदर्शन देंगे। साथ ही धान की वैधता सुनिश्चित करने के लिए उड़नदस्ता दलों का गठन किया गया है और 12 चेक पोस्ट भी सक्रिय कर दिए गए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि इस बार खरीदी प्रक्रिया को और पारदर्शी तथा समयबद्ध बनाने की तैयारी की गई है, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।





