मुख्यमंत्री साय की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक शुरू, धान खरीदी से लेकर बिजली बिल योजना तक कई अहम मुद्दों पर चर्चा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में कैबिनेट की अहम बैठक शुरू हो गई है। बैठक में सरकार की प्रमुख योजनाओं और आने वाले कार्यक्रमों पर महत्वपूर्ण चर्चाएं की जा रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में सबसे पहले आगामी धान खरीदी सीजन की तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। इसमें खरीदी केंद्रों की स्थिति, परिवहन व्यवस्था, भुगतान प्रक्रिया और पूरे सिस्टम को सुचारू बनाने पर रिपोर्ट पेश की जा सकती है।
इसके साथ ही हाफ बिजली बिल योजना को लागू करने से पहले अंतिम समीक्षा भी की जाएगी, ताकि योजना को जनता के लिए समय पर और प्रभावी तरीके से शुरू किया जा सके।
कैबिनेट में विधानसभा के शीतकालीन सत्र की तारीख तय करने पर भी चर्चा होने की संभावना है। अधिकारियों का कहना है कि यह सत्र नवंबर के आखिरी सप्ताह या दिसंबर के पहले हफ्ते में आयोजित हो सकता है।
इसके अलावा, राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं और जनहित से जुड़ी घोषणाओं की प्रगति पर भी अपडेट लिया जाएगा।
बैठक में जनजाति गौरव दिवस की तैयारियों पर भी चर्चा होगी। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के छत्तीसगढ़ आने की संभावना है, इसलिए उनके स्वागत और सुरक्षा व्यवस्था की रूपरेखा भी कैबिनेट में विस्तार से प्रस्तुत की जा सकती है।





