पुलिस लिखी कार में शराबियों का हंगामा, राहगीरों से की मारपीट – सरकंडा पुलिस कर रही तलाश

बिलासपुर। सरकंडा इलाके में बीती रात एक अजीबोगरीब वाकया देखने को मिला। “पुलिस” लिखी कार में सवार दो नशे में धुत युवकों ने सड़क पर जमकर हंगामा किया। घटना सोनगंगा कॉलोनी के सामने मुख्य सड़क की है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक लापरवाही से कार चला रहे थे और राहगीरों को टक्कर मारने की कोशिश की। जब लोगों ने इसका विरोध किया, तो उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और कुछ लोगों से मारपीट तक कर डाली।
बताया जा रहा है कि दोनों युवकों ने खुद को पुलिसकर्मियों का रिश्तेदार बताकर लोगों को धमकाया और “पुलिस” लिखी कार का रौब झाड़ते रहे। इस दौरान सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई और माहौल अफरातफरी में बदल गया।
भीड़ बढ़ती देख दोनों युवक अपनी कार समेत मौके से फरार हो गए। यह घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। फिलहाल सरकंडा पुलिस ने गाड़ी की पहचान कर ली है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।





