आबकारी विभाग पर गंभीर आरोप : 20 हजार की मांग, किराना दुकानदार की बेटी को उठाकर जंगल में छोड़ा!

बिलासपुर। जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि आबकारी विभाग की टीम ने एक गरीब दुकानदार से 20 हजार रुपए की रिश्वत मांगी और न देने पर उसकी 13 साल की बेटी को उठा ले गई।

ग्राम भड़हा रेलहा निवासी पदुम बर्मन ने बताया कि वह खेती-किसानी के साथ किराना दुकान चलाता है। 5 नवंबर की शाम करीब 5 बजे सफेद रंग की गाड़ी (क्रमांक CG 08 UA 0828) में आबकारी विभाग की टीम उसके घर पहुंची। टीम में छह लोग थे, जिनमें एक महिला अधिकारी भी शामिल थी।

पदुम बर्मन का कहना है कि टीम के लोग जबरदस्ती घर में घुस गए और शराब बेचने का आरोप लगाने लगे। जब उसने कहा कि वह शराब नहीं बेचता, तो टीम ने 20 हजार रुपए की मांग की। पैसे न देने पर केस दर्ज करने की धमकी दी।

आरोप है कि टीम के सदस्यों ने उसकी दुकान के गल्ले से 15 हजार रुपए निकाल लिए और फिर उसकी 13 साल की बेटी को गाड़ी में बिठाकर ले गए। पीड़ित परिवार के मुताबिक, बच्ची को करीब दो किलोमीटर दूर जंगल में ले जाकर मारा-पीटा गया और वहीं छोड़ दिया गया। कुछ देर बाद वह रोती हुई घर लौटी और पूरी घटना बताई।

परिजनों ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी दिया है, जिसमें टीम के सदस्य बच्ची को गाड़ी में बैठाते नजर आ रहे हैं। परिवार ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, आबकारी विभाग का कहना है कि गांव में अवैध शराब बिक्री की शिकायत पर कार्रवाई की गई थी और उन पर लगाए गए आरोप झूठे हैं।

पचपेड़ी थाना प्रभारी राज सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत मिली है। मामले की जांच जारी है और आबकारी विभाग की टीम को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई