कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव पर सरकारी पैसे के दुरुपयोग का आरोप लगाया, PWD विभाग ने बताया आरोप झूठा और भ्रामक

रायपुर। छत्तीसगढ़ में राजनीतिक सरगर्मी तब बढ़ गई जब कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव पर अपने पद का दुरुपयोग कर निजी कार्यक्रम का खर्च सरकारी पैसे से कराने का आरोप लगाया। कांग्रेस ने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने दावा किया कि उपमुख्यमंत्री अरुण साव के भांजे तुषार साहू के तेरहवीं कार्यक्रम में करीब 90 लाख रुपए खर्च हुए, जिसका भुगतान लोक निर्माण विभाग (PWD) ने किया। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में सड़कों की मरम्मत के लिए पैसे नहीं हैं, तब निजी कार्यक्रम में सरकारी राशि खर्च करना जनता के साथ धोखा है।

वहीं आम आदमी पार्टी ने भी इस मामले में अरुण साव से जवाब मांगा है। पार्टी नेताओं ने कहा कि अगर सरकारी पैसे का उपयोग निजी कार्यक्रम में हुआ है, तो यह सीधा भ्रष्टाचार है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने इस पर जवाब नहीं दिया, तो आम आदमी पार्टी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।

दूसरी ओर, लोक निर्माण विभाग ने इन आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है। विभाग के कार्यपालन अभियंता डी.के. चंदेल ने कहा कि सोशल मीडिया में जो बिल वायरल हो रहे हैं, उनका विभाग से कोई संबंध नहीं है। विभाग ने न तो उपमुख्यमंत्री और न ही उनके किसी निजी कार्यक्रम के लिए कोई भुगतान किया है।

चंदेल ने बताया कि विभाग द्वारा जो भुगतान किए गए हैं, वे सभी शासकीय कार्यक्रमों जैसे मुख्यमंत्री और मंत्रियों के दौरे, गणतंत्र दिवस, स्वतंत्रता दिवस और अन्य सरकारी आयोजनों के लिए हुए हैं। सभी भुगतान की जानकारी, बिल, फोटोग्राफी और रिकॉर्ड विभाग के पास मौजूद हैं।

विभाग ने चेतावनी दी है कि झूठी और भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस मामले पर अब सभी की नजर उपमुख्यमंत्री अरुण साव के आधिकारिक बयान पर टिकी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई